जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार युवा दिवस कार्यक्रम संपन्न
रिपोर्ट सुरेन्द्र सिंह दमोह।स्वामी विवेकानंद जी की जन्मजयंती ‘युवा दिवस’ के अवसर पर केशव नगर स्थित सरस्वती विद्या बिहार सेकेंडरी स्कूल परिसर में जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा कि स्वस्थ्य और आनंदमय जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। योग, प्राणायाम एवं ध्यान को नियमित रूप से अपनाने से शारीरिक व मानसिक संतुलन प्राप्त होता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि जिले के विद्यालयों में इस प्रकार के रचनात्मक एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन सराहनीय है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा व सुना गया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अपने संदेश में युवाओं से योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक विकास का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी शैन्डेय कहा कि भारत एक युवा देश है, जहां 40 वर्ष से कम आयु के युवाओं की संख्या 54 प्रतिशत से अधिक है। यदि युवा पीढ़ी योग को अपनाती है तो स्वस्थ्य, सकारात्मक एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। योग से सकारात्मक ऊर्जा एवं सकारात्मक विचारों का विकास होता है।
आर्ट ऑफ लिविंग संस्था से जुड़े प्रशांत असाटी ने युवाओं से सूर्योदय से पूर्व उठकर दिन की शुरुआत योग एवं प्राणायाम से करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित सूर्य नमस्कार और प्राणायाम से व्यक्ति के साथ-साथ समाज का वातावरण भी सकारात्मक बनता है। कार्यक्रम प्रशांत असाटी एवं के.के. परोहा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस दौरान अतिथियों ने भारत माता, माता सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में उपस्थित विद्यार्थियों को योग कारपेट देकर सम्मानित किया। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था, प्रशांत असाटी के नेतृत्व में सभी प्रतिभागियों ने योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।












